Site icon Thehimachal.in

हिमाचल बारिश कहर: चंबा में पुल बहा, ऊना में तबाही, मंडी में फटा बादल, 50 बीघा जमीन तबाह

himachal-rain-chaos-chamba-bridge-washed-away-una-destruction-mandi-cloudburst

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने मचाई तबाही। चंबा में नाले में पुल बह गया, ऊना में जलभराव और मकानों को नुकसान, मंडी में बादल फटने से 50 बीघा जमीन बह गई। जानिए ताजा हालात।

चंबा

चुराह उपमंडल के नकरोड-चांजू मार्ग पर रविवार सुबह कठवाड़ के समीप बादल फटने से कंगेला नाला उफान पर आ गया, जिससे स्टील ट्रस पुल बह गया। इस पुल के बहने से बघेईगढ़, चांजू, चरड़ा और देहरा पंचायतों की हजारों की आबादी का संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया है। हालांकि, इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक मार्ग बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी है। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। विभाग को लगभग दो करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

ऊना

जिला ऊना में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। एक दर्जन से ज्यादा रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। नंगल सलांगड़ी स्थित हिमटेक उद्योग में पानी भरने से 45 कामगार फंस गए, जिन्हें रस्सों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। ऊना, बडूही, टक्का, पंडोगा, पनोह और पंजावर सहित कई इलाकों में खड्डों का पानी घरों व खेतों में घुस गया। मत्स्य फार्म में मछलियां बह जाने से लगभग 13 लाख का नुकसान हुआ है।

मंडी

पद्धर उपमंडल के कोरतंग गांव में शनिवार रात बादल फटने से भारी तबाही हुई। कुगड़ी और कोतरंग नालों में तीन पैदल पुल और एक वाहन पुल बह गए। करीब 50 बीघा निजी कृषि भूमि भी बाढ़ की चपेट में आकर नष्ट हो गई है। एसडीएम पद्धर ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Exit mobile version