पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परिजनों के साथ मनाली घूमने के लिए आई 12 वर्षीय तृषा पुत्री प्रफूल्ल निवासी नागपुर महाराष्ट्र नेहरूकुंड के पास जिप लाइन पर लटकते समय अचानक केबल टूटने से गिर गई। इस दुर्घटना के बाद किशोरी को गंभीर चोटें आईं और उसे तुरंत मनाली अस्पताल लाया गया। इसके बाद चंडीगढ़ में भर्ती किया गया।
मनाली में जिप लाइन हादसा: 12 वर्षीय किशोरी घायल, केबल टूटने से पत्थरों पर गिरी
मनाली के लोकप्रिय पर्यटन स्थल नेहरूकुंड में रविवार को एक गंभीर हादसा हो गया। जिप लाइन की तार अचानक टूट जाने से उस पर सवारी कर रही महाराष्ट्र की 12 वर्षीय किशोरी नीचे पत्थरों पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
गंभीर हालत में चंडीगढ़ और फिर नागपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल किशोरी को मनाली अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति में चंडीगढ़ रेफर किया गया। चंडीगढ़ के बाद अब पीड़िता को उसके परिजन नागपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जांच शुरू, पुलिस ने मामला दर्ज किया
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय तृषा, पुत्री प्रफुल्ल, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र अपने परिजनों के साथ मनाली घूमने आई थी। जब वह नेहरूकुंड में जिप लाइन पर लटकी हुई थी, तभी अचानक केबल टूट गई, जिससे वह नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि किशोरी का मेडिकल करवा कर एमएलसी तैयार की जा रही है, और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
जांच के घेरे में जिप लाइन ऑपरेटर
पुलिस अब जिप लाइन संचालन से जुड़े दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और अनुमति की जांच कर रही है। हादसे ने पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।