BJP विधायक लोकेंद्र ने सीएम सुक्खू की योजनाओं की की खुलकर सराहना, कहा– जनता को मिल रहा सीधा लाभ

bjp-mla-lokendra-praises-cm-sukhu-public-benefiting-from-schemes

सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक लोकेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की योजनाओं की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कई योजनाएं सीधे तौर पर गांव की जनता को लाभ पहुंचा रही हैं, खासकर दूध मूल्य वृद्धि जैसी योजनाएं महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित हो रही हैं।

दलगत राजनीति से ऊपर उठे भाजपा विधायक लोकेंद्र

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा विधायक लोकेंद्र कुमार ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की योजनाओं की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कुछ योजनाएं वास्तव में गांव की आम जनता तक सीधा लाभ पहुंचा रही हैं।

CM का नारा लगाकर किया स्वागत

विधायक लोकेंद्र ने मुख्यमंत्री का न केवल स्वागत किया, बल्कि जोरदार नारे लगाते हुए कहा– “स्वागत है, भई स्वागत है… मुख्यमंत्री का स्वागत है।” उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दूध के दाम बढ़ाने की नीति को महिला हितैषी कदम बताया और कहा कि इससे उनके क्षेत्र की महिलाओं को सीधा फायदा हुआ है।

मुख्यमंत्री का स्वागत करना बताया नैतिक जिम्मेदारी

लोकेंद्र ने कहा कि उनकी अंतरात्मा की आवाज और जनप्रतिनिधि होने की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे मुख्यमंत्री का सम्मान करें और सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हों। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें चुना है, इसलिए वह उनके हक की आवाज उठाना अपना कर्तव्य मानते हैं।

मुख्यमंत्री को दिया आनी आने का न्योता

विधायक ने मुख्यमंत्री से आनी क्षेत्र में भी दौरा करने की अपील की। साथ ही बताया कि सरकार ने उन्हें मंच से अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया, जिसके लिए उन्होंने धन्यवाद भी व्यक्त किया।

क्षेत्रीय विकास की रखीं कई मांगें

लोकेंद्र ने कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र अभी भी विकास से पीछे है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह सहित कई पूर्व विधायकों का इस क्षेत्र के विकास में योगदान रहा है। उन्होंने बशलेऊ पास सड़क, सामुदायिक अस्पताल और डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।

समेज त्रासदी, टूरिज्म और मुआवजा पर भी रखी बात

लोकेंद्र ने समेज त्रासदी के पीड़ितों के लिए मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए ग्रीनको कंपनी पर कार्रवाई की अपील की। साथ ही उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी योजनाएं लागू की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *