प्रवर्तन निदेशालय ने नशा तस्करों की करीब ₹2.75 करोड़ की संपत्ति अटैच की। जब्त की गई संपत्तियों में मकान, चार लग्जरी गाड़ियां, नकदी और कीमती आभूषण शामिल हैं।
कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.66 करोड़ की अवैध संपत्ति अटैच
कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल ₹2,65,66,683 की अवैध संपत्ति अटैच की है। इस संपत्ति में मकान, चार वाहन, कीमती आभूषण और नकदी शामिल हैं। यह कार्रवाई नशा तस्करी में लिप्त तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ की गई है, जो जिले में लंबे समय से सक्रिय थे।
धर्मशाला केस: संजय उर्फ ‘छप्पन’ की 1.59 करोड़ की संपत्ति जब्त
6 अप्रैल 2025 को धर्मशाला पुलिस ने छापेमारी कर संजय कुमार उर्फ छप्पन और सुमन कुमारी उर्फ वर्षा के कमरे से 1.246 किलोग्राम चरस बरामद की थी। इसके बाद NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि संजय ने अवैध कमाई से तीन मकान बनाए हैं जिनकी कीमत ₹1.55 करोड़ से अधिक है। इसके अलावा उसके पास स्कॉर्पियो, कार, बुलेट और स्कूटी जैसी चार वाहन भी पाए गए, जिनकी कीमत ₹4.49 लाख आंकी गई। कुल मिलाकर संजय की चल और अचल संपत्ति ₹1,59,53,616 आँकी गई।
पहले से दर्ज हैं कई मामले, क्षेत्र में था रोष
संजय के खिलाफ NDPS एक्ट समेत भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। क्षेत्र में उसके खिलाफ भारी जनाक्रोश था, जिसके चलते पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
दूसरा मामला: पवन और उसकी पत्नी के पास से चिट्टा, जेवर और नकदी बरामद
6 नवंबर 2024 को कांगड़ा पुलिस ने पवन कुमार और उसकी पत्नी नीना को चिट्टा, सोने-चांदी के आभूषण और ₹44,580 नकद के साथ गिरफ्तार किया। इनके पास से 26.10 ग्राम चिट्टा, 241 ग्राम सोना और 1207 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस नंबर 180/24 दर्ज किया गया।
पवन की संपत्ति का मूल्यांकन: ₹1.06 करोड़ से अधिक
जांच में सामने आया कि पवन और नीना के पास तीन मकान हैं जिनकी कीमत ₹81,45,267 आंकी गई है। साथ ही, उनकी चल संपत्ति ₹24,67,800 बताई गई। इस तरह इनकी कुल संपत्ति ₹1,06,13,067 पाई गई, जिसे कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द ही जब्त किया जाएगा।
कांगड़ा पुलिस का सख्त रुख: नशा तस्करों पर लगातार नजर
एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि कांगड़ा पुलिस नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। अब तक तीन बड़े मामलों में कुल ₹2.66 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। इसके अलावा पूर्व में भी एक आरोपी की ₹51 लाख की संपत्ति जब्त की गई थी।