हिमाचल के ऊना जिले के घालुवाल में प्रवासी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने लोहे की रॉड, डंडों और बेलचे से हमला किया। घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
घालुवाल में प्रवासियों के बीच झगड़ा, एक की मौत
ऊना के हरोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्वां पुल के पास झुग्गियों में रह रहे प्रवासी मजदूरों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई।
मृतक की पहचान बिहार निवासी प्रमोद सिंह के रूप में
मरने वाले की पहचान प्रमोद सिंह निवासी हरिणमार, जिला मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है। घटना में उसकी पत्नी कबूतरी देवी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
घायल पत्नी अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
कबूतरी देवी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचित महतो (50) और उसके दो बेटों अंकुश (24) और अनीश (20) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, खूनी संघर्ष में बदला
पीड़िता कबूतरी देवी के अनुसार, रविवार शाम झुग्गी के बाहर गाली-गलौज हो रही थी। जब उसने बाहर जाकर देखा तो सूचित महतो और उसका बेटा अंकुश बहस कर रहे थे। बाद में यह बहस हाथापाई में बदल गई।
लोहे की रॉड, डंडे और बेलचे से किया गया हमला
विवाद के बीच जब प्रमोद सिंह वहां पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड, डंडे और बेलचे से बेरहमी से हमला कर दिया। उन्होंने प्रमोद को खींचकर अपनी झुग्गी में ले जाकर पीटा।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल अवस्था में प्रमोद को 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही गहन जांच, एसपी ने दी जानकारी
एसपी राकेश सिंह ने पुष्टि की है कि झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।